महाराष्ट्र में पूर्ण लॉक डाउन, मुंबई की लोकल ट्रेनें 31 तक बंद

महाराष्ट्र में कोरोना की निरंतर बिगड़ती स्थिति को देखते हुए अब तक चार राज्यों तक सीमित लॉक डाउन को पूरे राज्य में बढ़ाने का निर्णय सरकार ने किया है। महाराष्ट्र में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है। अब मुंबई की लोकल ट्रेनें भी 31 मार्च तक बंद कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पूरे महाराष्ट्र को लॉक डाउन करने की घोषणा करते हुए राज्य के सभी शहरों में धारा 144 लगाने का निर्णय किया है। पूरे राज्य में लॉक डाउन के दौरान रेलवे, निजी बसें एवं राज्य परिवहन की बसें पूरी तरह बंद रहेंगी। जीवनावश्यक एवं अत्यावश्यक सेवाओं के कर्मियों के लिए शहर के अंदर चलनेवाली बसें चालू रहेंगी।


सरकारी कार्यालय सिर्फ 5 फीसद कर्मचारी क्षमता के साथ कामकाज जारी रखेंगे। औषधि, किराना, अनाज, सब्जी, दूध आदि की दुकानें एवं बैंक खुले रखे जाएंगे। आज मध्यरात्रि से मुंबई एवं महाराष्ट्र के अन्य शहरों में बाहर से आनेवाली विमान सेवाएं बंद हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा है कि यदि जरूरत पड़ी तो राज्य में लॉक डाउन 31 मार्च से आगे भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने एकांत वास में भेजे गए लोगों से 15 दिन घर से बाहर न निकलने, एवं घर में भी परिजनों से दूरी बनाकर रखने की अपील की है। बता दें कि महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना पीड़ितों की संख्या में 11 की बढ़ोतरी हुई थी। आज राज्य में 10 मरीजों की बढ़ोतरी हुई है। इनमें छह मुंबई के एवं चार पुणे के हैं। इन दसों में से पांच विदेश से आए हैं, एवं शेष पांच यहीं संक्रमित बताए जा रहे हैं।